Farrukhabad: चकबंदी कार्यों की समीक्षा: जिलाधिकारी का सख्त रुख, समय-सीमा में काम पूरा करने के दिए निर्देश

संवाददाता, फर्रुखाबाद। Farrukhabad कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जनपद के चकबंदी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने ग्रामवार चकबंदी की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने ग्राम मुरादपुर में चक निर्माण का कार्य बिना किसी विलंब के शीघ्र शुरू कराने के आदेश दिए। वहीं ग्राम गणपतपुर में धारा-9 के तहत लंबित आपत्तियों का निस्तारण इस माह के अंत तक हर हाल में सुनिश्चित करने को कहा।

इसके साथ ही उन्होंने ग्राम चौसपुर में धारा 41-45 के अंतर्गत प्रथम प्रतियों से संबंधित कार्य को अविलंब पूर्ण करने और ग्राम बरकेशव में सीमांकन कार्य में तेजी लाते हुए सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निपटारा करने की हिदायत दी।

Image

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चकबंदी कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर जाकर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि किसानों के हितों से जुड़े मामलों में देरी होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!